
जमानियां गाजीपुर। स्थानीय स्टेशन बाजार के राइस मील तिराहा के पास बुधवार की सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई, जब टोचन के दौरान एक खराब रोडवेज बस हाइवे पटरी पर लगे हाइटेंशन बिजली के खंभे में अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दिया। संयोग अच्छा रहा कि इस दौरान किसी जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बड़ेसर नहर के पास दो दिनों से एक रोडवेज बस खराब होकर एनएच 24 पर खड़ी थी। जिसे गाजीपुर ले जाने के लिए सुबह डिपो से एक रोडवेज बस आयी। खराब बस को टोचन करके राइस मील मोड़ पर मुड़ा रहा था। इसी दौरान खराब बस अनियंत्रित होकर हाइटेंशन बिजली के खंभे से टकरा गयी। जिसके चलते खींच रही बस भी टकरा गयी। संयोग अच्छा रहा कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन बिजली के खंभे में टकराने से बस एनएच सड़क के बीच बेड़ा हो गया। जिससे सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने पुलिस टीम के साथ स्थिति को संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद रोडवेज बस को सीधा किया गया, तब जाकर फिर से टोचन करके बस गाजीपुर के लिए रवाना हुई।




