
गाजीपुर। मानवाधिकार जागरूकता सेमिनार 22 मार्च को होगी। जिला महासचिव संदीप अग्रहरि ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक न्योता दिया। मुलाकात के दौरान संदीप अग्रहरि ने सेमिनार के उद्देश्यों, मानवाधिकारों के प्रति जन-जागरूकता, सामाजिक न्याय और आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने के प्रयासों की जानकारी दी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मानवाधिकार जागरूकता जैसे विषय को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यक्रम की सराहना की और कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया। मीडिया प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि यह सेमिनार समाज के विभिन्न वर्गों को मानवाधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।




