
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने शुक्रवार को पीआरवी 112 की सात नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थानों के लिए रवाना किया। यह पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और गश्त क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। एसपी ने कहा कि नई गाड़ियों को शामिल करने से दूर-दराज के क्षेत्रों में भी आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की पहुंच को और अधिक तेज बनाना तथा गश्त के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होने कहा कि इन गाड़ियों के जुड़ने से पीआरवी 112 की रिस्पांस टाइम में और कमी आएगी। जिससे जनता को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीआरवी 112 की इन नई गाड़ियों के आने से पुलिस की कार्यक्षमता और बढ़ेगी। जिससे हम जनता को बेहतर एवं त्वरित सेवा प्रदान करने में सक्षम होंगे।




