Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

spot_img

नाराज सचिव साइकिल से पहुंचे सचिवालय

भांवरकोल- जमानियां (गाजीपुर)। ग्राम पंचायत अधिकारी-ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर ग्राम पंचायत सचिवों का सत्याग्रह लगातार दसवें दिन भी जारी रहा। ग्राम पंचायत सचिव अपने दस सूत्रीय मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी संगठन के जिला अध्यक्ष सूर्यभानु राय ने कहा कि हम शासन की विभिन्न योजनाओं का संचालन करते हैं। योजनाओं के संचालन में ना हमें समय का ध्यान रहता है ना छुट्टियों का लेकिन इसके बावजूद भी सरकार का ध्यान हमारी मूलभूत सुविधाओं पर नहीं है। शासन लगातार सचिवों की उपेक्षा कर रहा है। वर्तमान समय में सचिवों को मात्र  200 रुपये प्रतिमाह वाहन भत्ते के रूप में साइकिल भत्ता दिया जाता है जबकि विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ब्लाक, तहसील एवं जिला तक सचिवों को दौड़ लगानी पड़ती है।

इसलिए हम लोग शासन एवं जनता का कार्य करते हुए शांतिपूर्ण सत्याग्रह कर रहे हैं। विरोध स्वरूप पूरे प्रदेश के सचिव निजी वाहन छोड़कर पैदल, साइकिल,बस, ऑटो , टोटो से अपनी ग्राम पंचायत में या विकासखंड पर जाकर कार्य कर रहे हैं। ग्राम विकास अधिकारी संगठन के जिला अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी ने कहा कि दूसरे विभागों के अधिकांश कार्यों की जिम्मेदारी सचिवों के ऊपर थोप दी जा रही है। जिससे हमारे मूल विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए इस बार आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी और यदि शांतिपूर्ण सत्याग्रह के बाद भी सरकार हमारी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो पूर्ण रुप से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। दसवें दिन सत्याग्रह के क्रम में समस्त सचिव अपने विकासखंड मुख्यालय पर साइकिल से पहुंचे और विभागीय बैठकों में भाग लिया तत्पश्चात वहां से अपनी ग्राम पंचायत में एसआईआर गौशाला, ग्रामीण सचिवालय पहुंचे और विभागीय कार्यों को किया। इस क्रम में विकासखंड भांवरकोल में सचिव हरिओम कनौजिया, देवाग सिंह,पंकज सिसोदिया, बृजेश कुमार शशिकांत,महताब आलम पिंटू सरोज,जमानियां से सचिव बेचन, अशोक यादव, वीरेन्द्र गौतम, प्रशांत कुमार, सिद्धार्थ शंकर सिंह ओमप्रकाश तिवारी, श्वेता पाण्डेय, चंद्रदीप कुमार, आशुतोष गिरी, अनिल दुबे, संजय कुशवाहा, अभिषेक कमार, रामदयाल शर्मा, मनोज यादव, चंद्रकेश यादव, शैलेश वर्मा सभी लोग आटो, बस व साइकिल से सचिवालय या ब्लाक पहुंचे।

Popular Articles