
गाजीपुर । शहर कोतवाली के कुर्था गांव के सामने गंगा के बीच रेत पर शुक्रवार की सुबह गंगा में बड़ा हादसा हो गया। रोज की तरह नाव से मछली मारने गए 10 मछुआरों के ऊपर अचानक मौसम का कहर टूट पड़ा। तेज हवा, बारिश और गरजते बादलों के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में एक मछुआरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक की पहचान नोनहरा थाना के गठिया निवासी त्रिलोकीनाथ बिंद के रूप में हुआ। इस हादसे में घायलों में सुनील निषाद, कपिल निषाद, घुरहू निषाद और राजेश चौधरी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जाता है कि रोज की भांति करीब दस मछुआरे गंगा के उस पार रेत पर नाव से मछली मारने गए थे। मछली मारने के दौरान छह मछुआरे नाव से उतरकर जाल डाल रहे थे जबकि चार मछुआरे नाव पर ही सवार थे।इसी दौरान अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली नाव पर गिर गई। बिजली गिरते ही नाव फट गई। बिजली की चपेट में आने से कई लोग गंगा में गिरते-गिरते बचे। इस घटना में त्रिलोकीनाथ बिंद की मौत हो गई। जबकि चार मछुआरे घायल हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह अस्पताल ले जाया गया।इस मामले में निषाद पार्टी के जिला संयोजक मिश्रीलाल निषाद ने शोक जताया है। उन्होंने बताया कि गंगा पार रोजाना बड़ी संख्या में निषाद समुदाय के लोग अपनी रोजी-रोटी के लिए मछली पकड़ने जाते हैं। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती। उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।




