
गाजीपुर। नोनहरा कांड में पुलिस की पिटाई से रूकुन्दीपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की मौत का मामला गरमाता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर भाजपा का एक तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय व पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मिलकर नोनहरा कांड की स्थिति से अवगत कराकर निष्पक्ष जांच के आलावा पीडित परिवार की हरसंभव मदद को कहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिदेशक को मामले के तत्काल निष्पक्ष और त्वरित एसआईटी जांच के लिए निर्देश दिये। योगी आदित्यनाथ ने स्व. सियाराम उपाध्याय के निधन पर शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया और कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है उनकी हर संभव मदद होगी । कोई भी दोषी हो उसे छोडा नही जाएगा।




