
सेवराई (गाजीपुर)। गहमर कोतवाली क्षेत्र के गोडसरा गांव में शुक्रवार की रात आयी तेज आंधी के बीच तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक विवाहिता की मौत हो गई जबकि पास में ही सोई उसकी भतीजी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी अनुसार सेवराई तहसील क्षेत्र के गोड़सरा गांव निवासी अमजद खान की पत्नी नेहा खातून (21) अपनी भतीजी फातिमा (15) के साथ बिजली न होने पर छत पर सोई हुई थी। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी।जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गई।तडतड़ाहट की आवाज सुनकर परिवार के लोग छत पर पहुंचे। आनन फानन में परिवार के लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता मिनहाज खान एवं अन्य अन्य ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा ले गए, जहां चिकित्सको ने नवविवाहिता नेहा खातून (21) को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से झुलसी भतीजी फातमा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पारिवारिजनों में कोहराम मच गया है। विवाहिता का पति गाजियाबाद के एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है।इस संबंध में एसडीएम संजय यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है मामले में उचित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




