
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने 13 अगस्त को सदर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। जहां भी किसी प्रकार की कमी मिली, उसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।वार्षिक निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना स्तर पर गठित साइबर सेल/हेल्प डेस्क पर नियुक्त कर्मियों की समीक्षा करते हुए मेस, बैरक सहित पूरे परिसर को चेक किया। इस दौरान जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखी, उसे दुरुस्त करने का निर्देश संबंधितों को दिया। पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय के समस्त रजिस्टर, अभिलेखों की जाँच करते हुए महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10, गुंडा, माफियाओं तथा अन्य किस्म के अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए सभी को निर्देशित किया। इसके साथ ही एसपी सुरक्षा व साक्ष्य संकलन की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों को लगवाने और उनको लिंक करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त को लेकर एसपी ने कहा कि आप जिम्मेदारीपूर्वक अपनी ड्यूटी निभाए।

थाने में आने वाले पीड़ितों के साथ अच्छा व्यवहार करें। उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उसका समाधान कराए। अपराधियों के प्रति दया न दिखाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में न बख्शे। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेंद्र प्रसाद , क्षेत्राधिकारी नगर , कोतवाली प्रभारी दीनदयाल पांडेय एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।




