
गाजीपुर। सावन के पहले सोमवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में आस्था उमड़ी। सुबह से ही पूजा-पाठ शुरु हुआ, वह देर शाम तक चलतता रहा। महाहर धाम में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भक्तों द्वारा भोले का जयघोष किए जाने से आसपास का माहौल शिवमय बना रहा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

महाहर धाम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया।सूर्योदय होते ही भक्तों के मंदिरों में पहुंचने का क्रम शुरु हो गया। शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। मंदिरों के आसपास लगे फूल-माला, भांग, धतूरा, दूध आदि पूजन सामग्री की खरीदारी करने के बाद भक्तों ने औघड़दानी को चढ़ाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

शहर के मिश्रबाजार स्थित शिव मंदिर, लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर, रायगंज, चीतनाथ, नवाबगंज, पीनगर स्थित बड़ा महादेवा सहित सभी शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों मत्था टेका। सबसे ज्यादा भीड़ पीरनगर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर पर रही। कतार में खड़े श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से मंदिर में प्रवेश किया और भोले का जलाभिषेक किया।

पूजन-अर्चन करने वालों में महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही। मरदह स्थित महाहर धाम पर रविवार की रात 12 बजे के बाद से ही कांवरियों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया। भोर होते-होते पूरा मंदिर परिसर में कांवरियों से पट गया। जलाभिषेक के लिए काफी लंबी लाइन लगी थी।

बाबा के दर्शन के लिए भक्तों को घंटों कतार में खड़े रहना पड़ा। मंदिर के द्वार पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा लोगों को एक के बाद एक जलाभिषेक कराया जा रहा था। जिले के अन्य शिवालयों में सावन के पहले सोमवार को शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।




