
दुबिहां (गाजीपुर) । करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के भट्ट सराय- गोपाल चक गांव के पास शुक्रवार की रात ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे कार्य में लगे वाला डंपर से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई जबकि उसकी भतीजी घायल हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उप जिलाधिकारी हर्षित तिवारी के आश्वासन पर करीब आठ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के भट्ट सराय- गोपाल चक गांव के सामने शुक्रवार की रात करीब आठ बजे पूनम यादव(38) अपने पति नंदजी यादव को खेत से खाना देकर भतीजी शशि कला यादव के साथ लौट रही थी। गोपाल चक के पास सड़क पार करते समय ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के कार्य में लगे डंपर ने जोरदार धक्का मार दिया। जिससे पूनम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ चल रही भतीजी शशि कला यादव गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सहित ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। दुर्घटना के बाद मौके पर उपस्थित लोगों ने भाग रहे ट्रक चालक सुरेंद्र यादव निवासी औरंगाबाद को दौड़ा कर पकड़ लिया। आनन फानन में परिजन तथा आसपास के लोग घायल शशि कला को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले गए। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने शव रखकर हंगामा करना शुरु कर दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मुहम्मदाबाद चोब सिंह,करीमुद्दीनपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंच गये। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। पूरी रात मुआवजे को लेकर ग्रामीण तथा प्रशासन के बीच वार्ता चलता रहा लेकिन बात नहीं बना। सुबह उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षित तिवारी मौके पर पहुंच प्रशासन की तरफ से दिए जाने वाले हर संभव सहायता तथा कार्यदायी संस्था के तरफ से मुआवजा दिलवाई जाने की बात कही।इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया और तहरीर मिलते ही चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।




