
गाजीपुर। प्रख्यात पत्रकार और इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) न्यास के अध्यक्ष राम बहादुर राय को केन्द्रीय गृह मंत्रालय के महानिदेशक सतपाल चौहान ने ‘पद्म भूषण’ पुरस्कार सौंपा। जिसमें राष्ट्रपति के हस्ताक्षर और मुहर से जारी की गई सनद और मेडल शामिल है। गौरतलब है कि श्री राय राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हुए थे, इसलिए गृह मंत्रालय के महानिदेशक सतपाल चौहान के साथ निदेशक पाण्डेय प्रदीप कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने आईजीएनसीए कार्यालय पहुंचकर उन्हें यह सम्मान सौंपा।इस अवसर पर गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अतिरिक्त, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, आईजीएनसीए के कला निधि विभाग के प्रमुख व डीन (प्रशासन), प्रो. रमेश चंद्र गौड़, मीडिया नियंत्रक अनुराग पुनेठा, एसजीटी विश्वविद्यालय के प्रबंध न्यासी मनमोहन सिंह चावला चौथी दुनिया के संपादक व पूर्व सांसद संतोष भारतीय, प्रख्यात पत्रकार व संपादक हेमंत शर्मा, पूर्व मंत्री विजय कुमार कुमार मिश्र, प्रज्ञा संस्थान के राकेश सिंह और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. अनिल राय सहित अनेक बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इस मौके पर अनुराग पुनेठा ने राम बहादुर राय के सम्मान में भारत सरकार की ओर से तैयार किया हुआ प्रशस्ति पत्र पढ़ा।

पूर्व मंत्री विजय मिश्र नें कहा कि अपने अभिभावक को सम्मानित होते हुए देखकर अति सुखद आनंद एवं गर्व की अनुभूति हो रही है यह कार्यक्रम से समाज को यह संदेश भी जा रहा है की आपका कर्म और आपका जीवन ऐसा होना चाहिए की सम्मान स्वयं चलकर घर पर आए। आप हम सबके प्रेरणा स्रोत के साथ-साथ आने वाले पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत रहेंगे। प्रो. रमेश चंद्र गौड़ ने कहा कि रामबहादुर राय ने आईजीएनसीए का मार्गदर्शन संस्था के प्रमुख के रूप में नहीं किया है, बल्कि परिवार के मुखिया के रूप में किया है।




