
जमानियां (गाजीपुर)। धरम्मरपुर-चोचकपुर मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। बुधवार को करंडा क्षेत्र के लीलापुर गांव में तेज रफ्तार डंफर की चपेट में आकर 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने डंफर को आग के हवाले कर दिया था।इस घटना से आक्रोशित क्षेत्रीय जनता ने गुरुवार को जमानियां एसडीएम ज्योति चौरसिया को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। जिला पंचायत सदस्य पंकज यादव, बयेपुर प्रधान मनोज यादव समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि जमानियां सेतु पर बैरिकेटिंग लगाकर भारी व ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाई जाए। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे चक्का जाम जैसे आंदोलन के लिए विवश होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल समय में 20 चक्के वाले भारी ट्रेलर जब गांवों से गुजरते हैं, तो बच्चों और राहगीरों की जान हमेशा खतरे में रहती है। ये वाहन मोड़ों पर नियंत्रण नहीं रख पाते, जिससे दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। एसडीएम ने दो दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर हरिकेश यादव, अनिल मास्टर, रामाशीष यादव, भूपेंद्र नाथ भास्कर, मैनेजर कुमार, चौधरी मुकेश, विनोद सिंह, साबिर हुसैन, सोनू यादव, राज कुमार, लालचंद यादव, अभिषेक आजाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




