
बिरनो (गाजीपुर)। प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर बिहार के मोतिहारी जा रही तीर्थ यात्रियों से भरी बस वाराणसी गोरखपुर फोरलेन पर भड़सर के पास असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 12 तीर्थयात्री घायल हो गए जबकि एक महिला को गंभीर चोट लगी। जिसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया। जानकारी के अनुसार प्रयागराज से महाकुंभ स्नान कर तीर्थ यात्रियों को लेकर बस मोतिहारी बिहार जा रही थी।वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बुधवार की देर रात भड़सर चट्टी पर चालक की लापरवाही के चलते सड़क पर डाइवर्जन के चलते बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई गई। तेज गति से जा रही बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गई। बस में सवार यात्री चिखने चिल्लाने लगे। बस पलटते ही आस पास के लोग वहां पहुंच गये। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के मदद से बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनिल तिवारी ने बताया घटना हुई है, घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया गया है जहां इलाज के बाद बस की वैकल्पिक व्यवस्था करके उन्हें मोतिहारी के लिए रवाना किया गया।




