
गाजीपुर। पीजी कालेज में बीएड. तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन बीएड. तृतीय सेमेस्टर के प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा में एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया,। जिसे रिस्टीकेट कर दिया गया। पीजी कालेज में 20 बी.एड. कॉलेजों के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित हुई। प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा में पंजीकृत 1157 परीक्षार्थियों में से 1121 उपस्थित हुए, जबकि 26 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्राचार्य डा. राघवेंद्र पांडेय ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में प्रवेश से पहले सीओ सिटी सुधाकर पाण्डेय की मौजूदगी में पुलिस बल और पीएससी के साथ सघन तलाशी ली गई। छात्रों को मोबाइल, स्मार्टवॉच, पर्स, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल के किसी भी साधन का उपयोग करने की मनाही की गई है। प्राचार्य ने यह भी बताया कि परीक्षा कक्षों की जांच के दौरान एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया। जांच टीम में मुख्य कुलानुशासक प्रो. (डॉ.) एसडी. सिंह परिहार, प्रो. (डॉ.) एसएन. सिंह, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. राम दुलारे, डॉ. योगेश, डॉ. गोपाल यादव और डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव, डॉ. प्रतिमा सिंह जैसे सदस्य शामिल थे।




