
गाजीपुर। पीजी कालेज में बीएड. प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को बी.एड. प्रथम सेमेस्टर द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में 13 नकलची नकल करते पकड़े गए। सभी को रिस्टीकेट कर दिया गया । स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 बीएड. महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में पंजीकृत 1578 परीक्षार्थियों में से 1537 उपस्थित हुए, जबकि 41अनुपस्थित रहे। प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग से निरंतर संपर्क में है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान महाविद्यालय परिसर में घुसने से पहले सीओ सिटी सुधाकर पाण्डेय की मौजूदगी में पुलिस बल और पीएससी के साथ सघन तलाशी ली गई। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा कक्षों की सघन जांच के दौरान 13 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। जांच दल में मुख्य कुलानुशासक प्रोफेसर (डॉ.) एसडी. सिंह परिहार, प्रोफेसर (डॉ.) एसएन. सिंह, प्रोफेसर (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. रामदुलारे, डॉ. योगेश, डॉ. गोपाल यादव और डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव, डॉ० प्रतिमा सिंह जैसे सदस्य शामिल थे।प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि पकड़े गए नकलची परीक्षार्थियों में ज्यादातर बिहार के निवासी हैं।जहां बी.एड. के आधार पर पिछले साल भारी संख्या में शिक्षकों की भर्ती हुई थी। इसके अलावा, आगामी दिनों में शिक्षा विभाग में खुलने वाली वैकेंसी के कारण बिहार के विभिन्न जिलों के छात्रों ने उत्तर प्रदेश के कई स्ववित्तीय कॉलेजों में बी.एड. में दाखिला लिया है और नकल के सहारे बीएड. डिग्री प्राप्त करना चाहते हैं




