Thursday, August 6, 2026

Top 5 This Week

spot_img

सावन के पहले सोमवार पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

बिरनो (गाजीपुर)। सावन माह के पहले सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध महाहर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर शिवभक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा धाम शिवमय हो उठा।रविवार देर शाम गाजीपुर से गंगाजल लेकर निकले हजारों कांवरिये नंगे पांव पदयात्रा करते हुए महाहर धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने प्राचीन तेरहमुखी शिवलिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन, जलाभिषेक और भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा।पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाहर धाम वही स्थान माना जाता है, जहां राजा दशरथ के शब्दभेदी बाण से श्रवण कुमार की मृत्यु हुई थी। इसी कारण सावन माह में यहां दर्शन-पूजन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। धाम में शिव-पार्वती, हनुमान, भैरव बाबा, संत रविदास सहित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर भी श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र बने रहे।श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर में व्यापक पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। देर रात जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने भी महाहर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक किया तथा सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया।देर रात तक महाहर धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

Popular Articles