
करंडा (गाजीपुर)। चोचकपुर विद्युत उपकेन्द्र से पिछले चार दिनों से बेतहासा विद्युत कटौती से नाराज स्वाभिमान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमितेश मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता उपकेंद्र पर धरना पर बैठ गये। नाराज लोगों का कहना है कि करंडा के चोचकपुर, मैनपुर, करंडा और सीतापट्टी चारो उपकेन्द्रों से मात्र 7-8 घंटे ही विद्युत आपूर्ति हो रही है। जिससे लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से किसानों की फसलें या तो सूख रही हैं या पानी के अभाव में बुआई का काम ही नहीं हो पा रहा है। जिससे किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।स्वाभिमान संगठन के लोगों ने कहा कि जब तक सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति प्रारंभ नहीं हो जाती तब तक उपकेन्द्र पर धरना चलता रहेगा। अमितेश मिश्रा ने बताया कि अधिकारी मेन सप्लाई बाधित होने की बात कहकर कई दिनों से लगातार हो रही कटौती को लेकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि करंडा के उपकेन्द्रों पर जौहरगंज सैदपुर से आने वाली मेनलाईन बहुत लम्बी और पुरानी होने के कारण लाईनलास होने की समस्या अधिक बढ़ गयी है। मेनलाईन तारों पर पेड़ों और बांस लटकने से आपूर्ति बाधित हो जाती है। इसलिए समस्या लगातार बनी रहती है। धरना पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष अमितेश मिश्रा, अरूणेश पांडेय, पियूष राय, पियूष सिंह, मंटू राय, अजीत पासवान सहित दर्जनों लोग एकत्र थे।




