
गाजीपुर।राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने नंदगंज औद्योगिक क्षेत्र में नव निर्मित हथकरघा कारखाने का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में हथकरघा बुनकरों के हित में विभिन्न कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि हथकरघा उद्योग स्थानीय रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि बुनकरों को आधुनिक प्रशिक्षण के साथ-साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर विपणन (मार्केटिंग) की व्यवस्था भी आवश्यक है, ताकि उन्हें अपने उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुनकरों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए तथा उनके उत्पादों के विपणन के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके बुनकरों को जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण किट वितरित की और उन्हें अपने कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।




