Thursday, August 6, 2026

Top 5 This Week

spot_img

शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क

भांवरकोल (गाजीपुर)। अपराधियों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएस-191 गैंग के सदस्य तथा कुख्यात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी (मृतक) के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की कथित रूप से अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई 9 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गैंगस्टर के तहत जिलाधिकारी ने जारी आदेश के अनुपालन में की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की आख्या एवं पुलिस अधीक्षक की संस्तुति के आधार पर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई।प्रशासन के मुताबिक, अंगद राय उर्फ झूलन ने अपने कथित संगठित आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन के माध्यम से वर्ष 2025 में अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर मुहम्मदाबाद तहसील के मौजा गिरधरिया में 127 वर्गमीटर भूमि खरीदी थी। इस भूमि पर 63 वर्गमीटर में निर्मित आवासीय भवन भी है। दस्तावेजों में संपत्ति का क्रय मूल्य 9 लाख रुपये दर्शाया गया, जबकि प्रशासन ने इसका अनुमानित बाजार मूल्य 9 करोड़ 50 लाख रुपये आंका है।पुलिस का कहना है कि गैंग द्वारा लोक व्यवस्था को प्रभावित करने तथा आर्थिक एवं भौतिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से किए गए कथित संगठित अपराधों से प्राप्त धन का उपयोग इस संपत्ति को खरीदने में किया गया था। इसी आधार पर संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त किया गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अंगद राय उर्फ झूलन के विरुद्ध हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट सहित गंभीर धाराओं में भांवरकोल, मुहम्मदाबाद, कोतवाली, नंदगंज समेत विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।इस कार्रवाई में तहसीलदार मुहम्मदाबाद महेंद्र बहादुर, भांवरकोल थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्र, रजागंज चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता तथा क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय सहित पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

Popular Articles