Thursday, August 6, 2026

Top 5 This Week

spot_img

मेरी सरकार ने ठाना था कि माफिया को मिट्टी में मिलाना है और मिल गया

मुहम्मदाबाद गाजीपुर। मुहम्मदाबाद मंडी समिति परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को करीब 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात दिया। इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और 185 का शिलान्यास किया गया।सीएम योगी ने इस पवित्र भूमि को नमन करने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होने बताया कि गाजीपुर का उल्लेख रामायण कालखंड से मिलता है। उन्होंने इसे महाराज गाजी की पावन धरती बताया। सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम और लक्ष्मण ताड़का वध के लिए इसी धरती से बक्सर गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहमर गांव का विशेष उल्लेख करते हुए इसे एशिया और देश का सबसे बड़ा गांव बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि गहमर को 12,000 फौजियों के गांव के रूप में जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि अकेले इसी गांव में 12 हजार से अधिक सैनिक और सेवारत अधिकारी निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में जब भी देश की सीमाओं की रक्षा की बात आती है, तो गाजीपुर के फौजियों का योगदान अविस्मरणीय है। सीएम योगी ने कांग्रेस-सपा पर बोला हमला बोलते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई और भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीर अब्दुल हमीद इसी धरती से थे। उन्होंने बताया कि गाजीपुर राष्ट्र रक्षा और साहित्य के क्षेत्र में हमेशा अव्वल रहा है. सीएम योगी ने सवाल उठाया कि आखिर यह गौरवशाली जिला क्यों गुमनाम हो गया था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गाजीपुर की पहचान का संकट खड़ा किया था, उन्हें सरकार ने सजा दी है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महाराज सुहेलदेव के नाम पर कोई भी आयोजन नहीं होने दिया। इसके विपरीत, सपा और कांग्रेस सालार और गाजी के नाम पर मेले आयोजित करते रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर की राष्ट्र रक्षा की समृद्ध परंपरा रही है. पिछले कुछ समय में प्रदेश व जिले के पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। सपा व कांग्रेस ने देश के भविष्य को डुबोने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार जहां अपने राष्ट्र नायकों को सम्मान देती है, वहीं विकास भी कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि सपा गरीब, किसान, युवा और महिला विरोधी है. पहले कहा जाता था कि सपा को देखकर बिटिया घबरा जाती थीं, माफिया समाज का खून चूसते हैं। वह व्यापारी व बेटी के लिए खतरा होते हैं। मेरी सरकार ने ठाना था कि माफिया को मिट्टी में मिलाना है और मिल गया। पहले माफिया को सत्ता का सरंक्षण मिलता था। आज सब सफाया हो गया। सपा के लोग माफिया के कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं।मुख्यमंत्री अपने भाषण में मुहम्मदाबाद के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय का नाम लेना भी नहीं भूले। उनकी हत्या का भी उल्लेख करते हुए कहा कि माफियाओं के खिलाफ संघर्ष करने वाले कृष्णानंद राय को कभी सत्ता संरक्षण प्राप्त अपराधी निशाना बनाए थे, लेकिन अब प्रदेश में ऐसी परिस्थितियां नहीं हैं। योगी के भाषण में यह उल्लेख राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कृष्णानंद राय हत्याकांड पूर्वांचल की राजनीति का एक बड़ा प्रतीकात्मक मुद्दा रहा है।

उन्होने एलजी मनोज सिन्हा का जिक्र करते हुए कहा कि जब मनोज सिन्हा केंद्रीय मंत्री थे तो उन्होने गाजीपुर से आनंद विहार के बीच सुहेलदेव सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन कराये और सुहेलदेव के नाम डाक टिकट भी जारी किये थे। कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का स्वागत गदा देकर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने किया। जिलाध्‍यक्ष ओमप्रकाश राय, भाजपा के युवा नेता पीयूष राय ने स्‍मृति चिह्न प्रदान किया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्‍ला और एसपी डा.ईरज राजा ने सीएम योगी को वन डिस्ट्रिक्‍ट वन प्रोडक्‍ट के तहत वॉल हैंगिंग भेंट किया।इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्र, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचात अध्यक्ष सपना सिंह,सुनील सिह. बृजेंद्र राय, अभिनव सिन्हा,युवा नेता पीयूष राय, कृष्णबिहारी राय, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह,प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना, प्रमुख राजन सिंह, प्रमुख राहुल राय,प्रमुख प्रतिनिधि घूरा सिंह,पारसनाथ राय, सरोज कुशवाहा,भानु प्रताप सिंह, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, राजकुमार सिंह गौत्म, शशांक राय, वीरेंद्र राय, डा.सानंद सिंह,दिनेश वर्मा आदि रहे।

… ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगेः सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा, “जिन्होंने पहचान का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने युवाओं के रोजगार पर डकैती डाली थी, जिन्होंने अन्नदाता किसानों की खुशहाली को छीनने का कार्य किया था, जिन्होंने बेटी और व्यापारी के सामने सुरक्षा का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने विकास के कार्यों को अपने कार्यकर्ताओं के हवाले लूट खसोट करने की पूरी खुली छूट दे रखी थी. आज वे लोग हमें आईना दिखाने का काम कर रहे हैं। अगर समाजवादी पार्टी के पाप का पर्दा उठाना शुरू कर देंगे तो ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे। ये जो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना है ना, अकेले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में एक्सप्रेस-वे नहीं बनी, लेकिन इन्होंने 3000 करोड़ रुपए का वारा न्यारा कर दिया था। इस समाजवादी पार्टी के लोगों ने. जब हम लोग आए, मैं बहुत चकित था देख करके. हमने कैंसिल किया. कैंसिल करने के बाद फिर से जमीन अधिग्रहण किया। 

… लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाएं

लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शैक्षणिक भवन व छात्रावास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग का चौड़ीकरण, गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नगर पालिका क्षेत्र की सीवर परियोजनाएं तथा गंगा तट पर कटानरोधी कार्य शामिल हैं.

… शिलान्यास होने वाली परियोजनाएं

शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में अंधऊ-चौकिया बाईपास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग के अतिरिक्त निर्माण कार्य, महिला एवं पुरुष जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल की बाउंड्रीवाल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ागृह का जीर्णोद्धार तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं।   

Popular Articles