
बिरनों (गाजीपुर)। मरदह थाना क्षेत्र के छोटका मरदह गांव स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। सावन के पहले दिन हुई इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।जानकारी के अनुसार, चोर देर रात मंदिर में घुसे और दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दानपेटी को मंदिर से लगभग 300 मीटर दूर एक खेत में फेंककर फरार हो गए। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर खेत में पड़ी दानपेटी पर गई। पहचान होने पर उसे मंदिर परिसर लाया गया, जहां जांच में नकदी गायब मिली।घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने दानपेटी टूटी देखी तो गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस संबंध में थाना अध्यक्ष मरदह पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि अभी हम लोग मुख्यमंत्री की ड्यूटी में है घटना की जानकारी नहीं है घटना की जैसे ही हम लोगों को सूचना मिलेगी उसपर उचित कार्रवाई किया जाएगा।




