
बहरियाबाद (गाजीपुर)। थाना के मिर्जापुर (नवापुर) बाजार स्थित पोखरे के किनारे नीम के पेड़ से शनिवार की सुबह किशोर का लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि शिवम खरवार पुत्र रामकरन (15) शुक्रवार की दोपहर घर से बाजार स्थित दुकान पर गया और शाम छः बजे तक दुकान पर रहा। इसके बाद वह अपने एक मित्र के साथ गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने चला गया । इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजन रातभर बेटे की तलाश करते रहे।शनिवार की सुबह पूजा के लिए फूल तोड़ने गई गांव की एक महिला ने नीम के पेड़ से बवर (पेड़ों पर लटकने वाली लता) के सहारे लटकते किशोर का शव देख शोर मचाने लगा। महिला की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड लग गई। परिवार के लोगों ने शव को उतारा और शव लेकर घर चले गए। सूचना पर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में ले लिया। किशोर मिर्जापुर के इण्टर कालेज में कक्षा नौ का छात्र था। उसकी मां उमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिवार के लोग मांगलिक कार्यक्रमों में स्टेज सजाकर तथा अंडे की दुकान लगाकर आजीविका चलाते हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि सम्भवत: हत्या कर शव को लटकाया गया है, ताकि आत्महत्या प्रतीत हो। क्योंकि मृतक के पैर, पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान भी थे।थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि भाई हरिओम की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




