
गाजीपुर। सपा के प्रक्ता राजकुमार भाटी द्वारा एक सभा में ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। मामले को लेकर ब्राह्मण रक्षा दल के संयोजक प्रेम शंकर मिश्रा ने उप जिलाधिकारी कासिमाबाद लोकेश कुमार को ज्ञापन सौपा है। ब्राह्मण रक्षा दल के संयोजक ने विरोध जताते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा से सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म की रक्षा करता आया है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण हमेशा सर्वोपरि था सर्वोपरि है और सर्वोपरि रहेगा। यदि कोई व्यक्ति समाज विशेष के खिलाफ गलत और भड़काऊ बयानबाजी करेगा तो उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। प्रेम मिश्रा ने कहा वह स्वयं ब्राह्मण समाज से आते हैं और समाज के सम्मान की रक्षा करना उनका दायित्व है। ब्राह्मण केवल एक जाति नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, त्याग और राष्ट्रहित की परंपरा का नाम है।शब्दों की मर्यादा ही व्यक्ति के संस्कार बताती है। ब्राह्मण शांत जरूर है, लेकिन स्वाभिमान के विषय में हमेशा सजग रहता है। समाजवादी पार्टी को ऐसी घटिया मानसिकता वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्यवाही करनी चाहिए । उन्होंने राजकुमार भाटी की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने पत्रक पर संज्ञान लेते हुए विधिक कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पत्रक देने वालों में मृत्युंजय मिश्रा, विमलेश तिवारी, हरि प्रसाद पांडेय, पंकज पांडेय, मिथिलेश तिवारी, दिनेश मिश्रा, राजेश मिश्रा, गोपाल पाण्डेय, सुनील पाण्डेय, गणेश मिश्रा, राकेश पाण्डेय, वीरेंद्र मिश्रा, कौशल मिश्रा तथा सोनू दूबे आदि सैकड़ो लोग मौजूद रहे।




