
सादात गाजीपुर। थाना क्षेत्र के टांड़ा गांव के पास गुरुवार की देर रात दो बाइकों की टक्कर में मुबारकपुर हरतरा निवासी शनि कुमार, दीपक यादव और आसपुर खुमिया निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों में शुभम कुमार को गंभीरावस्था में वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात एक बाइक पर सवार होकर मुबारकपुर हरतरा गांव निवासी शनि कुमार (17), दीपक यादव(17) तथा शुभम कुमार(16) शादियाबाद में एक मजार पर उर्स का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से उर्स का मेला देखकर बहरियाबाद थाना क्षेत्र के आसपुर खुमिया निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर(18) तथा अखिलेश राजभर(20) तथा अजीत राजभर एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बाइक की गति तेज होने के कारण टांड़ा चट्टी पर दोनों बाइकों की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। गंभीर चोट लगने के कारण शनि कुमार, दीपक यादव तथा विजय राजभर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर सादात थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिसफोर्स के साथ देर रात घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में ले लिया। इस घटना में घायल तीन अन्य युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया।
… इनसेट
सादात।मुबारकपुर हरतरा निवासी मृतक शनि कुमार के पिता चन्द्रशेखर राम खेती किसानी करके किसी तरह परिवार का भरण पोषण करते हैं। वह 12 वीं कक्षा में पढ़ता था, जबकि उसका छोटा भाई समर सातवीं में पढ़ता है। पिता चंद्रशेखर राम और माता रेनू देवी का रो रोकर बुरा हाल रहा।सड़क हादसे में शनि के साथ जान गंवाने वाले दीपक यादव के पिता हजारी यादव वाराणसी में ड्राइवर हैं। चार भाई और एक बहन में दीपक दूसरे नम्बर पर था। बड़े भाई पंकज, बहन माधुरी, भाई किशन, गोपाल, माता राधिका देवी का रो रोकर बुरा हाल रहा। वहीं दूसरी बाइक सवार विजय उर्फ रोलू राजभर के पिता लालचंद्र राजभर के चार पुत्रों में विजय सबसे छोटा था। बड़ा भाई राजकुमार, शिवकुमार, अजय, माता निर्मला देवी का रो रोकर बुरा हाल रहा। उसके साथ घायल गांव के ही युवक अखिलेश राजभर और अजीत को हल्की चोट लगी।




