
गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से केंद्रीय विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अपनी अभिव्यक्ति के लिए हिंदी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता के लिए “राजभाषा के रूप में हिन्दी” और ‘डिजिटल युग में हिंदी का महत्व’ जैसे समसामयिक विषय रखे गए थे। विद्यालय के कक्षा 6वीं से 11वीं के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपनी लेखनी के माध्यम से हिंदी के प्रति अपने प्रेम को दर्शाया।कार्यक्रम में यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्र प्रमुख (पश्चिम) संजय कुमार सिन्हा और विद्यालय के प्रधानाचार्य विनीता सिंह उपस्थित रहीं। संजय सिन्हा ने कहा कि”हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की पहचान है।

बैंक का उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और हिंदी के व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा देना है।केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ भाषाई कौशल में भी निखार आता है।प्रतियोगिता के समापन पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को यूनियन बैंक की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संचालन केन्द्रीय विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता नीरज राय एवं यूनियन बैंक के राजभाषा अधिकारी अतुल सिंह ने किया।




