
रेवतीपुर (गाजीपुर)। ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में शुक्रवार को “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अशोक कुमार गौतम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया।इस मौके पर निपुण भारत मिशन के तहत निपुण घोषित परिषदीय विद्यालयों के 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को फूल-मालाएं पहनाकर, टीएलएम किट भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य के लिए विद्यालयों के शिक्षकों, ईसीसीई एजुकेटरों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बीईओ अशोक कुमार गौतम ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा की नींव जितनी मज़बूत होगी, बच्चों का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। छोटे बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एजुकेटरों और शिक्षकों की है, वहीं नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना अभिभावकों की भी समान जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए जिससे उनकी मानसिक क्षमता, रचनात्मकता और सीखने के प्रति उत्साह विकसित हो। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को सुदृढ़ करने के लिए अनेक नवाचारी सुविधाएं और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।कार्यक्रम में एसआरजी अभिषेक कुमार, एसआरजी प्रीति सिंह, सुपरवाइज़र अनामिका राय, एआरपी अभिनव तिवारी, राजेश दुबे, राजेश गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह, संत कुमार गुप्ता, संजय राय, विशेष शिक्षक मोहन प्रसाद भारती, आत्मानंद यादव, रामशीष सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




