
रेवतीपुर (गाजीपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने पर पांच एएनएम को नोटिस जारी किया है। उन्होने एएनएम को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो वेतन रोके जाने के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डॉ. अमर कुमार ने कहा कि शासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत पारदर्शी क्रियान्वयन अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी एएनएम को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया।बैठक में आभा आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताते हुए डॉ. अमर कुमार ने कहा कि जहां 80 प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित है, वहीं अब तक मात्र 60 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। डा. अमर कुमार ने ऑनलाइन सर्वे और डाटा फीडिंग में तेजी के लाने निर्देश दिये। इस मौके पर बीपीएम बबीता सिंह, बीसीपीएम सुनील, एआरओ संदीप, आशुतोष सिंह, अभिषेक उपाध्याय, अजय कुमार, शैलजा राय, शैलेश राय, पूजा, प्रियंका, नीलम, अराधना तिवारी, अमित, इम्तियाज, श्वेता राय, आराधना राय, मालती राय, सोनी, रंजना, ममता सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी एवं अधिकारी मौजूद रहे।




