
सादात (गाजीपुर)। नगर के उत्तर_पश्चिम में स्थित चौराहे पर लगी पूर्व ब्लॉक प्रमुख रघुवंश सिंह की प्रतिमा को 27 वर्ष बाद बुधवार को चौराहे से हटा दिया गया। जेसीबी मशीन के सहारे मजदूरों ने प्रतिमा को यहां से हटाकर थोड़ी दूर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में रख दिया। इस पर आपत्ति जताते हुए पूर्व ब्लाक प्रमुख स्व. रघुवंश सिंह की पुत्री सुनीता सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारी बिना किसी लिखित नोटिस के ही प्रतिमा को हटा दिए, जो सरासर गलत है। उन्होंने प्रतिमा को पुनः किसी सार्वजनिक स्थल पर लगाए जाने की मांग की है। फिलहाल चौराहे से प्रतिमा को हटाने का निर्णय सैदपुर से मरदह तक बन रहे एनएच 124 डी के निर्माण के मद्देनजर लिया गया है। सादात नगर में रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले चौराहे पर स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण 14 फरवरी 1999 को तत्कालीन डीएम राजन शुक्ला ने किया था। पीडब्ल्यूडी वाराणसी मंडल के अधिशाषी अभियंता मृत्युंजय यादव ने बताया कि चौराहे पर स्थित यह प्रतिमा यातायात को सुगम बनाने में बाधा उत्पन्न कर रही थी, जिसके चलते प्रतिमा को हटाया जाना जरूरी था।




