
गाजीपुर । जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी देवकली के विरूद्ध कई आरोपों में अनुशासनिक कार्रवाई की गई हैं । डीपीआरओ नीलेंद्र सिंह ने तात्कालिक प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आठ जुलाई 2025 को समाचार पत्र में प्रकाशित था कि ‘ प्रभावती बोली साहब अभी मैं जिन्दा हूँ ‘ इस प्रकरण की जानकारी लेने पर यह स्थिति प्रकाश में आया कि ग्राम पंचायत शिकारपुर के परिवार रजिस्टर में महिला प्रभावती देवी पति बहादुर जीवित हैं, परन्तु आनलाईन पोर्टल पर एक जुलाई 2024 को ही प्रभावती पत्नी बहादुर को सत्यापन ,जॉच के समय लाभार्थी का मृतक होना प्रदर्शित है। जिससे यह स्पष्ट है कि सचिव ने जानबूझकर जीवित महिला को सत्यापन ,जॉच में मृतक दिखाकर पेंशन से नाम हटा दिया गया है। जिसके लिए सचिव दोषी हैं। सचिव के पास बारह ग्राम पंचायतों का प्रभार है। जिसमें कुल ग्राम पंचायतों में पन्द्रहवें वित्त में धनराशि 905871 रुपये एवं राज्य वित्त में 250817 रूपये अवशेष पड़ी है । जिसके कारण सीएम डैशबोर्ड में जिले की रैंकिंग प्रभावित हुई है। जिसके लिए सचिव दोषी हैं और तैनाती के ग्राम पंचायत पचरासी, राजूपुर, खुटहन नामजद बहिवलिया में अभी तक क्यूआर कोड का स्कैन नही कराया गया है। जिसके कारण उच्चाधिकारियों द्वारा काफी रोष व्यक्त किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के दोषी हैं। डीपीआरओ ने सचिव को निलंबित कर दिया।निलम्बन अवधि में चन्दन जायसवाल, ग्राम पंचायत अधिकारी को वित्तीय हस्तपुस्तिका खण्ड-दो भाग-दो से चार के मूल नियम – 53 के प्राविधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता अर्द्ध औसत वेतन पर अर्द्ध वेतन पर देय और अवकाश के बराबर होगा एवं उक्त धनराशि पर देय मंहगाई भत्ता भी अनुमन्य होगा। निलंबन के दिनांक को प्राप्त वेतन के आधार पर अन्य प्रतिकर भत्ते भी निलंबन काल में इस शर्त पर देय होंगे कि सम्बन्धित कर्मचारी द्वारा उन मदों में वास्तव में व्यय किया जा रहा हो, जिसके लिए ऐसे प्रतिकर भत्ते अनुमन्य है। उपरोक्त प्रस्तर -दो में उल्लिखित मदों का भुगतान तभी किया जायेगा जब चन्दन जायसवाल, द्वारा इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जायेगा कि वह किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार वृत्ति व्यवसाय में नही लगे । निलंबन अवधि में चन्दन जायसवाल विकास खण्ड कार्यालय, देवकली से सम्बद्ध रहेंगे। साथ ही बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित नही होंगे। इसकी जांच के लिए एडीओ पंचायत सैदपुर को नियुक्त किया गया है।




