
कठवामोड (गाजीपुर)। नोनहरा थाना क्षेत्र के नगवा नवापुरा गांव में रविवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोर तीनों घरों से लाखों रुपये के जेवरात तथा कीमती कपड़े उठा ले गये। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस पीडितों के घर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में तहरीर दिया गया है।जानकारी के अनुसार नगवा नवापुरा गांव निवासी लक्ष्मण गुप्ता का पुत्र कठवामोड बाजार में कई वर्षों से किराने का दुकान चलाता है। लक्ष्मण गुप्ता का परिवार रात में खाना खाकर सो रहा था। देर रात चोर घर के पीछे करकट पर चढ़कर छत के सहारे सीढ़ी के रास्ते घर में घुस कर सो रहे लोगों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिये। इसके बाद दुसरे कमरे में घुसकर अलमीरा का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात उठा ले गये। इसके बाद चोर पास के ही मंगरू कुशवाहा के मकान के बारजा पर चढ़कर सीढ़ी के सहारे घर में घुस गए और दरवाजा बाहर से बंद कर दिये। बाकी के कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखा लाखों रुपये के जेवरात सहित 41हजार रुपये नगद उठा ले गये। मंगरु के बेटे बाहर नौकरी करते है। इसके बाद चोर सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रिका राम के मकान की खिड़की तोड़कर घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात लेकर कर फरार हो गए। सुबह जब लोगों की नींद खुली तो सबका बाहर से दरवाजा बंद होने पर लोग चिल्लाकर दरवाजा खुलवाया गया। दुसरे कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। सारे जेवरात गायब थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर तीनों घरों से करीब पचाख लाख के जेवरात उठा ले गये है। चोरी की जानकारी होते ही आस पास के लोगों की भीड लग गयी। लोगोंने चोरी की सूचना कठवामोड चौकी पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही कठवामोड चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन किया। इस मामले में तीनों लोगों ने अलग-अलग अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नोनहरा दीपक कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। गांव के लोगों ने बताया कि चोरों की संख्या 10 से 12 के करीब रही होगी क्योंकि एक रात में तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम देने से लग रहा है कि चोरों की संख्या ज्यादा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में पुलिस रात में कभी गश्त में नहीं निकलती है।




