भूमि विवाद में गरजी बंदूक, पिता की मौत, पुत्र घायल

 भूमि विवाद में गरजी बंदूक, पिता की मौत, पुत्र घायल

—डेढ़ बिस्वा जमीन के लिए हुआ खूनी संर्घष

गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में शुक्रवार की सुबह डेढ़ बिस्वा आबादी की जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान हुई मारपीट के बीच सेवानिवृत्त फौजी ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली से जहां पिता की मौत हो गई, वही बेटा घायल हो गया। एसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना करते हुए मामले की जानकारी ली। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस तलाश में जुट गई।
घटना के संबंध में बताया गया है कि दुल्लहपुर क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी व वर्तमान में सरकारी अध्यापक जनार्दन सिंह यादव और गुड्डू यादव के परिवार के महिलाएं जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार की सुबह आमने-सामने हो गई और विवाद शुरु हो गया। इसी बीच सेवानिवृत्त फौजी जनार्दन लाइसेंस बंदूक लेकर घर के बाहर निकाला और गुड्डू यादव (50) और उसके पुत्र इंद्रजीत यादव को लक्ष्य कर गोली चला दिया। गोली गुड्डू के सीने और इंद्रजीत के पैर में लगी। गोली की आवाज सनकर पास-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल लाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गुड्डू की मौत हो गई। जबकि उसके पुत्र का उपचार चल रहा है। एसपी रोहन पी बोत्रे अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए एसओ को आवश्यक कार्यवाही का निर्देश दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने बताया कि डेढ़ विस्वा भूमि विवाद को लेकर पट्टिदारों में मारपीट हुई। इस दौरान पक्ष के सेवानिवृत्त फौजी जनार्दन सिंह यादव लाइसेंसी बंदूक से चलाई गई गोली से एक व्यक्ति की मौत गई, जबकि एक घायल हो गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के चचेरे भाई मन्नू यादव ने भाइयों सुभाष सिंह यादव, जनार्दन और जयराम सहित सुभाष सिंह के पुत्र संजय के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। शांति व्यवस्था के मद्देनजर लगातार चक्रमण किया जा रहा है। मालूम हो कि बीते गुरुवार को भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था, लेकिन आज पुनः दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।

You cannot copy content of this page