सदर कोतवाली से उत्साह के बीच निकली तिरंगा यात्रा

 सदर कोतवाली से उत्साह के बीच निकली तिरंगा यात्रा

—यात्रा में डीएम-एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, छात्र और व्यापारी रहे शामिल

गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत के जिले में विभिन्न स्कूल-कालेजों, राजनीतिक दलों सहित अन्य देश प्रेमियों द्वारा लगातार तिरंगा यात्रा निकालने का क्रम जारी है। इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में जोश दिखाई दे रहा है।

शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में तिरंगा लहराता दिखाई दे रहा है। तिरंगा यात्रा में शामिल लोग देशभक्ति के जोश से लबरेज दिखाई दे रहे हैं। दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए भारत माता की जय आदि नारों की गूंज सुनाई दे रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार की शाम सदर कोतवाली से तिरंगा यात्रा निकाली गई। आजादी के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत स्वतंत्रता सप्ताह एवं ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के आयोजन को भव्य रूप से मनाये जाने के लिए सदर कोतवाली से आज शाम को तिरंगा यात्रा निकाली गई।

मिश्रबाजार, महुआबाग, कचहरी होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंचकर यात्रा समाप्त हुई। यात्रा में शामिल पुलिस के जवान, व्यापार मंडल तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लहराते हुए देश भक्ति गगनभेदी नारा लगाते हुए जोश के साथ चल रहे थे। इस दौरान देशभक्ति के जोश से लबरेज आवागमन करने वाले भी देशभक्ति नारे लगा रहे थे।

यात्रा में जिलाधिकारी एम पी सिंह, पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, एसपी. सिटी गोपी नाथ सोनी, एसपी ग्रामीण राजधारी चौरसिया, सदर सीओ गौरव सिंह सदर कोतवाल विमलेश मौर्य, यातायात प्रभारी सुशील मिश्रा, डा. मारकंडेय सिंह, संजीव सिंह बंटी सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और व्यापारी शामिल रहे।

You cannot copy content of this page