
गाजीपुर। शहर के चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय उर्फ हनी हत्याकांड के बाद अभी परिवार उस सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि बुधवार की रात एक और घटना ने उन्हें झकझोर दिया। बिदू होटल के मालिक आलोक राय उर्फ डबलू की बहन और दिवंगत विनीत राय की बुआ स्नेहलता राय उर्फ गुड़िया राय बाइक सवार उचक्कों का शिकार हो गईं। बदमाश उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि यह वारदात उस अष्टभुजी कॉलोनी में हुई, जहां विनीत राय हत्याकांड के बाद से पुलिस का पहरा लगाया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे स्नेहलता राय अपने घर से करीब से कुछ दूर स्थित भाई आलोक राय के आवास की ओर जा रही थीं। उनके साथ एक अन्य महिला भी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले पर हाथ डालकर मंगलसूत्र खींच लिया। झपट्टामारी के दौरान उनका कपड़ा भी फट गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़िता स्नेहलता राय ने बताया कि परिवार अभी अपने भतीजे विनीत राय की हत्या के सदमे से बाहर भी नहीं निकल पाया था कि यह घटना हो गई। उन्होंने कहा कि पहले से ही परिवार भय और तनाव के माहौल में जी रहा था, ऐसे में इस वारदात ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की ।सदर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।



