
रेवतीपुर गाजीपुर। सुहवल थाना के गरूआ-मकसूदपुर गंगा घाट पर मंगलवार की सुबह स्नान करते समय एक युवक डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। काफी तलाश के बाद युवक का पता नहीं चला। बताया जाता है कि गरूआ-मकसूदपुर निवासी परमेश्वर गौतम पुत्र जोगिंदर गौतम मंगलवार की सुबह गंगा तट पर धार्मिक पूजा का आयोजन था। जिसमें परमेश्वर अपनी मां गीता देवी तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शामिल होने गंगा घाट गया था। पूजा के दौरान वह स्नान करने लगा। स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक वह गहरे पानी में समा चुका था।घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पूजा और आस्था का माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम में बदल गया।लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम स्थानीय मछुआरों की मदद से नाव और जाल के सहारे युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन घटना के घंटो बाद तक भी उसका पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार परमेश्वर छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। वह इंटर का छात्र था। उसके पिता जोगिंदर गौतम गांव में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि परिवार के अन्य भाई चेन्नई में निजी नौकरी कर परिवार का सहयोग करते हैं। बेटे के लापता होने के बाद मां गीता देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। स्थानीय मछुआरों, नाविकों और पुलिस टीम की मदद से गंगा में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।




