
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं एसपी डा.ईरज राजा 21 मई को होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 को सकुशल, एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से रेवतीपुर के नेहरू वि.पी.ई.कालेज रेवतीपुर, श्रीकृष्णा इण्टर कालेज, डेढ़गांवा, श्रीशिवपूजन इं.कालेज मलसा, महात्मा गॉधी सती स्मारक महाविद्यालय गरूआ मकसूदपुर एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया । जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह अथवा अनुचित गतिविधि को तत्काल रोका जा सके।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित संवेदनशील बिंदुओं का भी निरीक्षण किया । केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए तथा प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में किसी भी दशा में ले जाने की अनुमति न दी जाए। लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 के लिए 21 परीक्षा केन्द्रों पर लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा में कुल लगभग 8760 हजार परीक्षार्थी भाग लेगे। परीक्षा का समय पूर्वान्ह 10.00 बजे से मध्याह्न 12.00 बजे तक चलेगा। जिसमें परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 21 केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, लगाये गये हैं।




