Friday, May 1, 2026

Top 5 This Week

spot_img

ट्राईब्रेकर में रेवतीपुर ने बारा को 5–4 से पराजित किया

रेवतीपुर (गाजीपुर)। जीवपुर गाँव के खेल मैदान पर शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित 41वीं सीनियर जिलास्तरीय मेंस फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष बबलू यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फीता काटकर किया।उद्घाटन मुकाबला रेवतीपुर और बारा टीमों के बीच खेला गया, जो शुरू से अंत तक बेहद रोमांचक रहा। दोनों ही टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को खूब रोमांचित किया। मध्यांतर से पहले दोनों टीमों को कई सुनहरे मौके मिले, लेकिन कड़े बचाव और चूकों के चलते कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मध्यांतर के बाद मुकाबला और भी रोचक हो गया। मैच के 56वें मिनट में रेवतीपुर टीम के कप्तान रियाज ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पिछड़ रही बारा टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जोरदार वापसी की और 73वें मिनट में कप्तान खालिद ने महत्वपूर्ण गोल कर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।निर्णायक परिणाम न निकलने पर मुकाबला ट्राईब्रेकर तक पहुँचा, जहाँ रेवतीपुर टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बारा को 5–4 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।मुख्य अतिथि बबलू यादव ने कहा कि जिस अनुशासन, फेयर प्ले और खेल भावना के साथ दोनों टीमों ने खेला, वह निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की ओर संकेत करता है।इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष लल्लन यादव, सेवराई तहसील अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह सहित राम नगीना राय, आजाद अली, धीरेंद्र यादव जज्जू, राम अवध यादव, राम निवास यादव, प्रह्लाद यादव, हरिद्वार, सुदर्शन, लक्ष्मण, बैजनाथ, मुन्ना यादव, बंशी, हरेंद्र यादव, नरपत यादव समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।मैच में निर्णायक की भूमिका विश्वामित्र ने निभाई, जबकि जेपी यादव ने अपनी सशक्त और रोचक कमेंट्री से दर्शकों में जोश भर दिया।

Popular Articles