
रेवतीपुर (गाजीपुर)। सुहवल गांव की मेधावी बेटी दीक्षा राय ने देश के सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान आईआईएम अहमदाबाद में एमबीए अध्ययन के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की सूचना मिलते ही सुहवल सहित जनपद भर में खुशी और गर्व की लहर है। दीक्षा राय वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक एवं अष्टभुजी कॉलोनी निवासी प्रोफेसर राजीव कुमार राय (एम.डी.) एवं अभिलाषा राय की पुत्री है। वह बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि और अनुशासनप्रिय रही। उसकी प्रारंभिक शिक्षा न्यू होराइजन एकेडमी तथा शाह फैज़ पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने वीआईटी चेन्नई से बी-टेक की डिग्री प्राप्त कर अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।वर्तमान में दीक्षा बहुराष्ट्रीय कंपनी बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। उनके आईआईएम अहमदाबाद में चयन ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे कस्बों और गाँवों से निकलकर भी कड़ी मेहनत, सतत अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर वैश्विक मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।अपने चयन पर दीक्षा ने इसे निरंतर परिश्रम, ईश्वर की कृपा तथा माता-पिता, परिवारजनों, गुरुजनों और शुभचिंतकों के आशीर्वाद का प्रतिफल बताया। सुहवल निवासी बब्बन राय ने बताया कि इस संस्थान में चयनित होने वाली दीक्षा पहली छात्रा हैं, जिन्होंने हम सभी को गर्व की अनुभूति कराई है।इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सकों, व्यवसायियों, ग्रामवासियों एवं तमाम शुभेच्छुओं ने दीक्षा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।




