कासिमाबाद गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के बेलसड़ी और गेहूड़ी गांव के बीच देई मां मंदिर के पास रविवार की शाम बाइक सवार नकाबपोश अज्ञात हमलावरों ने दीपक राजभर (25) के छाती और सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीयर की दो और एक अंग्रेजी शराब की खाली बोतल के अलावा दो गिलास, एक नमकीन का पैकेट व पानी का एक खाली बोतल के साथ मृतक के पैंट के पॉकेट से मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर हत्या के कारणों की तलाश में जुटी हैं।प्रभारी निरीक्षक निरीक्षक राजनारायण ने बताया कि परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ में अब तक जो तथ्य सामने आया है, उसके अनुसार रविवार को बेलसड़ी गांव निवासी दीपक राजभर घर पर था। उसके मोबाइल फोन पर किसी का फोन आया। इसके बाद दीपक राजभर पैदल ही बेलसड़ी चट्टी पर पहुंच गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ और छानबीन में यह पता चला कि बेलसड़ी चट्टी पर एक नकाबपोश बाइक सवार आया। इसके बाद दीपक राजभर बाइक पर बैठकर उसके साथ कासिमाबाद-मरदह मार्ग की ओर चला गया। देर शाम गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो ग्रामीण बेलसड़ी और गेहूड़ी गांव के बीच देई मां मंदिर के पास पहुंचे तो दीपक मृत अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटना स्थल पर छानबीन कर रहे उपनिरीक्षक मुहम्मद अतहर ने बताया कि दीपक राजभर सीने और सिर में गोली लगी हुई थी। साथ ही वहां जमीन पर खाली दो बीयर की बोतल, एक शराब की बोतल, एक पानी का बोतल, दो गिलास, एक नमकीन के पैकेट के अलावा मृतक के पैंट के पॉकेट से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है।कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि ने बताया कि युवक की नकाबपोश अज्ञात हत्यारे गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना स्थल की छानबीन करने के अलावा हत्या के कारणों की तलाश के लिए परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।



