भाजपा विधायक विहीन जिला में सपा के विधायक कर रहे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा

 भाजपा विधायक विहीन जिला में सपा के विधायक कर रहे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा

—पीड़ितों को हर संभव सहायता का दिला रहे भरोसा, सरकार के खिलाफ कर रहे बयानबाजी
—सत्ता पक्ष के मंत्री अधिकारियों संग कर रहे दौरा, बांट रहे राहत सामग्री

गाजीपुर। एक तरफ जहां सत्ता पक्ष के मंत्री और नेताओं के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण कर रहे हैं। वहीं भाजपा विधायक विहीन गाजीपुर में सपा के विधायक भी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर पीड़ितों का हाल जानते हुए उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिला रहे हैं। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ पीड़ितों को पर्याप्त राहत उपलब्ध न कराने को लेकर बयानबाजी भी कर रहे हैं।

बीते सोमवार को दिन में जंगीपुर के सपा विधायक डा. वीरेंद्र यादव ने अपने विस क्षेत्र के ताड़ीघाट, कालूपुर, युवराजपुर, सुजानपुर, बहलोलपुर, सरैयां, भगीरथपुर आदि गांव का दौरा कर प्रभावित लोगों से डोर-टू-डोर मुलाकात कर हालात की जानकारी ली थी।

इस दौरान उन्होंने बाढ़ का दंश झेल रहे लोगों तक राहत सामाग्री और जानवरों के लिए चारे की व्यवस्था न किए जाने पर सरकार को आढ़े हाथ लेते हुए कहा था कि ऐसी त्रासदी में अब तक राहत सामाग्री प्रभावित लोगों तक न पहुंचाना सरकार व प्रशासन की नाकामी है।

खुद को गरीबों, किसानों की सरकार कहने वाली भाजपा को सरकार में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है। उन्होंने अपनी तरफ से सभी प्रभावित लोगों तक राशन, चारा आदि की सहायता उपलब्ध कराने की बात कही थी।

इसी क्रम में इसी दिन शाम को जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने सेवराई क्षेत्र के बारा व कुतुबपुर तथा भतौरा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। इस दौरान पीड़ितों से बातचीत करते हुए शासन द्वारा मिल रही राहत सामग्री आदि के संबंध में जानकारी लिया था।

उधर मंगलवार को सदर विधायक जै किशन साहू ने सदर विधानसभा के करंडा क्षेत्र के गदोगाडा, मोहबलपुर, जमुआ सेनापुर, तुलसीपुर चतरपुरा, मलहपुरवा, चौबेपुर, करकटपुर, धरम्मरपुर का सदर एसडीएम और तहसीलदार के साथ दौरा करते हुए बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना। उनसे इस बात की जानकारी लिया कि अभी तक शासन ने उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई की नहीं। उन्होंने संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी भी ली। पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

You cannot copy content of this page