बाढ़ प्रभावित गांव में भ्रमणशील रहें लेखपाल और ग्राम स्तरीय अधिकारीःडीएम

 बाढ़ प्रभावित गांव में भ्रमणशील रहें लेखपाल और ग्राम स्तरीय अधिकारीःडीएम

—जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांव का किया निरीक्षण, दिया निर्देश

गाजीपुर। जनपद में गंगा के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जिलाधिकारी एम.पी. ने शुक्रवार को मुहम्मदाबाद तहसील अन्तर्गत ग्राम गौसपुर, सेमरा, शेरपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांव के लेखपाल व अन्य ग्राम स्तरीय अधिकारी बाढ़ प्रभावित अपने गांव में ही भ्रमणशील रहें तथा बाढ़ से होने वाले नुकसान पर पैनी नजर रखते हुए तत्काल सर्वे सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित ग्रामों में बाढ़ राहत से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की तैयारियां रखते हुए स्वयं भी निगरानी रखे ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाया जा सकें। जिलाधिकारी ने स्वयं नाव से गंगा किनारे के गांवों का सर्वेक्षण किया तथा उपस्थित जन समुदाय से अपील किया कि अभी गंगा का जल स्तर बढ़ाव की स्थिति में है।

अतः आप लोग अपने निकट बनाए गए बाढ़ शरणालय में समय रहते चले जाए, जिससे किसी प्रकार की कोई घटना घटित न हो। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्त लेखपाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बराबर चक्रमण करते रहे तथा स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में तहसील मुहम्मदाबाद में खोले गए सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय करते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घंटे के लिए शिफ्टवार लगाई गई हैं। सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत जनपद मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम अग्रिम निर्देशों तक 24 घंटा कार्यशील रहेगा। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने बनाए गए बाढ शरणालय का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत केंद्रों पर किसी प्रकार की परेशानी न हो।

शरणालय पर आने वाले शरणार्थियों को खाने-पीने, दवा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि पशुओं के चारा, पानी, चिकित्सा एवं उनके रहने की उचित व्यवस्था कराई जाए। कहा कि बाढ़ के दौरान किसी भी दशा में पशुओं की हानि नहीं होनी चाहिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय शेरपुर खुर्द (प्रथम) का औचक निरीक्षण कर वहां शिक्षा की गुणवत्ता की जांच करते हुए संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, तहसीलदार मुहम्मदाबाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद, अ.अभि. देवकली पम्प नहर कैनाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page