गंगा के जलस्तर में तेजी से हो रहा बढ़ाव, बाढ़ का खतरा बढ़ा

 गंगा के जलस्तर में तेजी से हो रहा बढ़ाव, बाढ़ का खतरा बढ़ा

—जल वृद्धि नहीं थमी तो जल्द खतरे के निशान को पार कर जाएंगी मां गंगा
—बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों के लोग सहमें

गाजीपुर। गंगा के जलस्तर में बढ़ाव में पिछले दिनों जहां कमी आई थी और गंगा घटने लगी थी। वहीं ढोलपुर डैम एवं माता टाला डैम से क्रमशः 18,31,587 क्यूसेक एंव 384,954 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि का क्रम जारी हो गया है। गुरुवार को कभी 4, कभी 3 कभी 2 सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गंगा के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई। बाढ़ की आशंका से एक तरफ जहां तटवर्ती इलाकों के लोग बाढ़ की आशंका से सहम गए है। वहीं बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है।

मालूम हो कि बीते शनिवार को तीन सेंटी मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि हो रही थी। इससे सेवराई इलाके के कई संपर्क मार्गों पर पतित पावनी पहुंच गई थी। इसके बाद रविार को बढ़ाव की रफ्तार में कमी आई थी। एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ाव होते हुए पानी घटने का क्रम शुरु हो गया था। इससे लोग राहत महसूस करने लगे थे। लेकिन इसी बीच वहीं ढोलपुर डैम एवं माता टाला डैम से क्रमशः 18,31,587 क्यूसेक एंव 384,954 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण बुधवार से गंगा में बढ़ाव का क्रम जारी हो गया, जो दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। कभी तेज तो कभी धीमी रफ्तार में जलस्तर में वृद्धि होते हुए गंगा पूरी तरह से उफान पर आ गई।

सेवराई क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ के पानी में कई सड़क डूबी हुई है। जिन मार्गों पर अधिक पानी है, उस पर आवागमन ठप है। गंगा का रौद्र रूप देख खासकर तटवर्ती इलाकों के लोगों की दिल की धड़कने बाढ़ की आशंका तेज होने लगी है। उन्हें पिछले बाढ़ की याद आने लगी है, जब पतित पावनी ने उनके घरों में कब्जा जमाते हुए उन्हें कई दिनों के लिए बेघर कर दिया था। यदि गंगा के जलस्तर में इसी तरह से बढ़ाव जारी रहा तो यह कहना गलत नहीं होगा कि जल्द की गंगा खतरे के निशान को पार कर जाएगी। एक तरफ जहां सैकड़ों गांव बाढ़ से प्रभावित होंगे, वहीं नाला के माध्यम से शहर के कई इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारी मो. मेराजुद्दीन ने बताया कि बुधवार से गंगा के जलस्तर में बढ़ाव क्रम जारी है। कभी 4, कभी 3 तो कभी 2 सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि हो रही है। दिन में 11 बजे गंगा का जलस्तर 62.690 मीटर दर्ज किया गया। गंगा खतर के निशान के 0.415 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।

You cannot copy content of this page