Monday, August 17, 2026

Top 5 This Week

spot_img

ओमप्रकाश राजभर ने कामायनी एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

दुबिहां (गाजीपुर)। क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग सोमवार को पूरी हो गई, जब 11071/11072 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–बलिया कामायनी एक्सप्रेस का करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो गया। ठहराव के शुभारंभ पर जहूराबाद विधायक, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, बलिया सांसद सनातन पांडेय, भाजपा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय,प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।स्थानीय नागरिकों ने लोको पायलट एवं गार्ड का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई तथा उनका अभिनंदन किया। मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि करीमुद्दीनपुर में कामायनी एक्सप्रेस का ठहराव केवल एक ट्रेन का ठहराव नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के वर्षों पुराने संघर्ष और जनभावनाओं की जीत है।

उन्होंने कहा कि इससे मुहम्मदाबाद, जहूराबाद तथा आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को मुंबई सहित देश के अन्य महानगरों तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। सरकार आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र के विकास से जुड़े अन्य कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे।राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि कामायनी एक्सप्रेस के ठहराव से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा मुंबई और महाराष्ट्र में रहने वाले हजारों प्रवासी परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को इस ट्रेन के लिए दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस अवसर पर भाजपा बाराचवर मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपर रेल मंडल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा को मुख्य अतिथि के माध्यम से 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में कोरोना काल से पूर्व संचालित सभी पैसेंजर ट्रेनों का पुनः संचालन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस के ठहराव, फुटओवर ब्रिज पर सीढ़ियों का निर्माण, पीआरएस आरक्षण केंद्र शुरू करने, यात्रियों के लिए शौचालय, समुचित प्रकाश व्यवस्था, वाटर कूलर की स्थापना, ताजपुर रेलवे स्टेशन को पूर्व की भांति पूर्ण स्टेशन का दर्जा देने तथा पश्चिमी फाटक से पूर्वी गेट तक उत्तरी छोर पर लिंक रोड के निर्माण की मांग प्रमुख रही।रेलवे अधिकारियों के अनुसार 11071 अप कामायनी एक्सप्रेस प्रतिदिन दोपहर 1:13 बजे करीमुद्दीनपुर पहुंचेगी तथा 1:15 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं 11072 डाउन ट्रेन रात्रि 9:53 बजे पहुंचेगी और 9:55 बजे रवाना होगी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, विनोद राय ‘गुड्डू’, प्रवीण राय ,संतोष राय ‘गुड्डू’, आनंद राय ‘मुन्ना’, श्यामराज तिवारी, कृष्णानंद राय, दीपक स्वर्णकार, अपर रेल मंडल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक हिमांशु राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Popular Articles