
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के हरदासपुर कला गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सड़क किनारे खड़े साइकिल सवार मासूम को कुचल दिया। जिससे मऊ के चैनपुर थाना रानीपुर निवासी मनदीप गिरी (13) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि मनदीप अपने दोस्त अफजल के साथ बहलोलपुर मछली मारने साइकिल से गया था। मछली पकड़कर लौटते समय नेशनल हाईवे किनारे अफजल शौच के लिए रुका, जबकि मनदीप सड़क के किनारे साइकिल लेकर खड़ा था। इसी दौरान बहलोलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से आक्रोशित अफजल ने चालक के ऊपर ईंट फेंका। ब्रेजा चालक के सिर में लगी। इस घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सर्वजीत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ब्रेजा कार को लेकर घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जायेगा। मनदीप तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।




