Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

spot_img

शोध के लिए अभ्यर्थियों का चयन

गाजीपुर। स्वामी सहजानन्द पीजी कॉलेज में शनिवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के पीएचडी. प्रवेश-2024 के तहत विभागीय शोध समिति (डीआरसी) की महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) वी.के. राय की अध्यक्षता में बैठकों में महाविद्यालय के इतिहास, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषयों में पीएचडी. प्रवेश के लिए शोधार्थियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों का पालन किया गया। इतिहास विभाग में डॉ. निवेदिता सिंह के निर्देशन में रिक्त तीन सीटों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इस दौरान वाह्य विशेषज्ञ के रूप में पीजी कॉलेज, के प्रो. अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं, अर्थशास्त्र विभाग में डॉ. विशाल सिंह के निर्देशन में एक रिक्त सीट पर शोधार्थी का चयन सुनिश्चित किया गया। इस प्रक्रिया में बलदेव पीजी कॉलेज, बड़ागांव, वाराणसी के प्रो. विश्वनाथ कुमार ने वाह्य विशेषज्ञ की भूमिका निभाई। समाजशास्त्र विभाग में प्रो. विलोक सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता और डॉ. विनय चौहान के निर्देशन में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ। समाजशास्त्र विषय के लिए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी की प्रो. अमिता सिंह बतौर बाह्य विशेषज्ञ उपस्थित रहीं। विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों के शोध प्रस्तावों और साक्षात्कार के आधार पर उनकी योग्यता को परखा।प्राचार्य प्रो. वी.के. राय ने बताया कि महाविद्यालय में शोध प्रवेश के लिए डीआरसी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ कराई जा रही है। विदित हो कि महाविद्यालय में विभिन्न विषयों में शोध हेतु डीआरसी की प्रक्रिया नौ दिसम्बर से ही निरंतर जारी है।

Popular Articles