कांस्टेबल का शव आते ही मचा कोहराम, हुआ अंतिम संस्कार

 कांस्टेबल का शव आते ही मचा कोहराम, हुआ अंतिम संस्कार

—गोरखपुर जिले के पिपरौली चौकी पर तैनात थे कविंद्र, करेंट से हुई थी मौत

गाजीपुर। जमानियां थाना क्षेत्र के जीवपुर निवासी यूपी पुलिस में गोरखपुर जिले के पिपरौली चौकी पर कांस्टेबल के पद तैनात कविन्द्र यादव (25) का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से पुलिस के वाहन से शनिवार की देर रात गांव लाया गया। शव आते ही कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। लोगों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद देर रात अंतिम संस्कार किया गया।

मालूम हो कि जमानियां थाना क्षेत्र के जीवपुर निवासी कविंद्र यादव यूपी पुलिस में गोरखपुर जिले के पिपरौली चौकी पर कांस्टेबल के पद तैनात थे। रोज की तरह भोजन करने के बाद अपने बैरक में गर्मी के चलते शुक्रवार की रात करीब नौ बजे पंखे का प्लग स्विच बोर्ड में लगे रहे। इसी दौरान करेंट की जद में आने से वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गए थे। साथियों इसकी सूचना अधिकारियों को दी थी। आनन-फानन में कविंद्र को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार की शाम उसकी मौत हो गई। सूचना आते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के साथ ही गांव के लोग शव आने का इंतजार करने लगे। पोस्टमार्टम के बाद सिपाही का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ पुलिस लाइन में लाया गया। जहां सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपने साथी को अंतिम विदाई दी। इसके बाद पुलिस के वाहन से सड़क मार्ग होते हुए देर रात करीब साढ़े 11 बजे पार्थिव शरीर को गांव लाया गया। शव आते ही परिवार के लोग दहाड़े मारकर रोने लगे। आखों से नीर बहाते हुए परिवार के साथ गांव के लोगों ने अपने लाल का अंतिम दर्शन किया। रात में जीवपुर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र को मुखाग्नि देते ही पिता सुदर्शन फफकर रोने लगे। मौजूद लोग उन्हें संभालते हुए सांत्वना देने में जुट गए। परिजनो ने बताया कि कविन्द्र वर्ष 2018 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था। वह चार बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार का एकमात्र कमासूत था। पिता सुदर्शन घर पर ही रहते है, जबकि मां सुभावती देवी गृहणी हैं। लोगों द्वारा लाख सांत्वना देने के बाद भी परिवार के लोगों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिजन बिलखते हुए घटना के लिए ऊपर वाले की दुहाई देते रहे।

You cannot copy content of this page