स्ट्रांग रूम में ईवीएम, बाहर सुरक्षा कर्मियों का पहरा

 स्ट्रांग रूम में ईवीएम, बाहर सुरक्षा कर्मियों का पहरा

गाजीपुर। सातवें और अंतिम चरण में जिले की सात सीटों पर बीते 7 मार्च को विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया। इसके बाद देर रात तक कड़े सुरक्षा व्यवस्था के बीच जंगीपुर कृषि मंडी में बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम को रखा गया। यहां पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों का सख्त पहरा है। गेट पर पुलिसकर्मी तैनात हैं तो वहीं मंडी परिसर में अलग-अलग जगहों पर नजर रखने के लिए सीआरपीएफ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ तीसरी नजर भी स्ट्रांग रूम पर नजर रखे हुए है।

बीते सोमवार को जिले में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान का कार्य प्रारंभ हुआ। शांतिपूर्ण वातावरण में देर शाम छह बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद मतदान कार्य में लगे कर्मियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के बीच जंगीपुर में स्थित नवीन कृषि मंडी में बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करने का कार्य प्रारंभ किया गया। देर शाम जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह अधीक्षक डा. रामबदन सिंह अन्य अधिकारियों संग कृषि मंडी पहुंचे। उन्होंने ईवीएम के रख-रखाव को देखते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को मुस्तैदी बरतने का निर्देश दिया। स्ट्रांग रूम में ईवीएम को रखने के बाद दरवाजा में ताला लगाकर उसे शील कर दिया गया। स्ट्रांग रूम के बाहर और आसपास सुरक्षा कर्मियों का पहरा बैठा दिया गया। इसके साथ ही तीसरी आंख (सीसी टीवी कैमरा) भी ईवीएम पर नजर रख रही है। स्ट्रांग रूम में किसी प्रकार की छेड़-छाड़ न हो, इस आशंका के मद्देनजर सपा और बसपा के साथ ही कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी स्ट्रांग रूम के आसपास मौजूद रहते हुए निगरानी रखे हुए हैं। 10 मार्च को मतगणना के दिन अधिकारियों और प्रत्याशियों और ऐजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम से ईवीएम को निकालकर गणना के लिए ले जाया जाएगा।

You cannot copy content of this page