Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

spot_img

रेयाज अंसारी की 24 करोड़ की संपत्ति कुर्क

गाजीपुर।। मुख्तार अंसारी के करीबी और आईएस-191 गैंग के सक्रिय सदस्य बहादुरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष रेयाज अंसारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को जिलाधिकारी के आदेश के बाद गैंगस्टर एक्ट में पुलिस ने रेयाज अंसारी की छह जगहों पर जमीन को कुर्क किया। साथ ही इसकी मुनादी कराई। पुलिस के अनुसार परवेज ने यह संपत्ति अपने खास सहयोगी फरार परवेज जमाल की पत्नी और उसके पिता के नाम से खरीदी थी। इसकी वर्तमान में बाजारू कीमत करीब 24 करोड़ रुपए है। एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 12 सितम्बर को प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद ने आईएस-191 गैंग के सक्रिय सदस्य रेयाज अंसारी की अवैध संपत्तियों के खिलाफ एक रिपोर्ट दी। रिपोर्ट को एसपी डॉ. ईरज राजा से संस्तुति मिलने के बाद गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेजा गया। जिलाधिकारी से आदेश के बाद शनिवार को रेयाज की बेनामी संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई। संपत्तियों पर कार्रवाई का बोर्ड लगाने के साथ ही उसकी मुनादी कराई गई। चेतावनी दी गई कि इस संपत्ति को कोई भी ना खरीदे।  कुर्क की गई संपत्ति को रेयाज ने अपने खास सहयोगी और विभिन्न मामलों में फरार चल रहे परवेज जमाल की पत्नी यासमीन जमाल और उसके पिता ऐनुलहक के नाम से खरीदी थी। इस दौरान सीओ कासिमाबाद शुभम वर्मा, इंस्पेक्टर कासिमाबाद नंद कुमार तिवारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। 

… इन संपत्तियों को किया गया है कुर्क

गाजीपुर। बहादुरंग नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अंसारी की छह भूखंडों को कुर्क किया गया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है उनमें मौजा सिउरा परगना जहूराबाद तहसील कासिमाबाद में गाटा संख्या 602 रकबा 0.057 हेक्टेअर है। यह संपत्ति यासमीन जमाल पत्नी परवेज जमाल के नाम से थी। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 90 लाख रुपये है। इसके अलावा मौजा अब्दुलपुर परगना जहूराबाद तहसील कासिमाबाद में अराजी नंबर 233 रकबा 0.033 हेक्टेअर समेत कुल तीन गाटा संख्या में 488.95 वर्ग मीटर जमीन है जो यासमीन जमाल पत्नी परवेज जमाल के नाम है। भूमि की वर्तमान में अनुमानित कीमत लगभग 11 करोड़ 66 लाख रुपए है। एसपी ने बताया कि तीसरी जमीन मौजा अब्दुलपुर परगना जहूराबाद तहसील कासिमाबाद में अराजी नंबर 193/4 क्षेत्रफल 0.126 हेक्टेअर में से 0.0127 हेक्टअर अर्थात 127 वर्गमीटर जमीन है। यह भी यासमीन जमाल के नाम से है और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 15 लाख रुपए है। चौथी जमीन मौजा अब्दुलपुर परगना जहूराबाद तहसील कासिमाबाद में आ.न. 215 क्षेत्रफल 0.072 हे. में से 0.0127 हे. अर्थात 127 वर्गमीटर जमीन है। यह भी यासमीन जमाल के नाम से खरीदी गई है और इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपए है। पांचवीं जमीन मौजा सरायलखन्सी परगना व तहसील सदर मऊनाथ भंजन, मऊ में आ.न. 1035 रकबा 056 कड़ी, यानी 226.8 वर्ग मीटर है। यह जमीन परवेज जमाल के पिता ऐनुलहक के नाम से खरीदी गई है। इस भूमि की वर्तमान में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 64 लाख रुपए है। छठवीं जमीन मौजा जहागिराबाद परगना व तहसील सदर, मऊ में आ. न. 38 रकबा 056 कडी, यानि 226.8 वर्ग मीटर है। यह जमीन यासमीन जमाल पत्नी परवेज जमाल के नाम से है। भूमि की वर्तमान में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 64 लाख रुपए है। कुल मिलाकर करीब 24 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है।

Popular Articles