
गाजीपुर । पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार शनिवार को विद्युत कार्यशाला और सर्किल ऑफिस लाल दरवाजा का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए । एमडी शंभू कुमार ने कार्यशाला का दौरा किया। उन्होंने ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग के दौरान तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य करने पर बल दिया। एमडी ने कहा कि रिपेयरिंग की गुणवत्ता खराब होने से उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद एमडी पूर्वांचल ने सर्किल ऑफिस में विद्युत अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अनुरक्षण माह के तहत चल रहे कार्यों के प्रगति की जानकारी ली और कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होने कहा कि “उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति देना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग और रखरखाव के कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होने संविदा कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्य के दौरान सेफ्टी किट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।




