
भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सलारपुर चट्टी के पास शनिवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई । घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को रखकर कर हाइवे को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार बलिया जिले के कोटवा नरायनपुर निवासी रमेश यादव (33) रोज की तरह शनिवार की शाम अपना ट्रैक्टर लेकर मानिया मिर्जाबाद स्थित कोल्ड स्टोरेज में आलू लेने जा रहा था। जैसे ही वह सलारपुर चट्टी से कुछ दूरी पर था तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतना जबरदस्त था कि ट्राली और ट्रैक्टर अलग हो गए और ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। इस घटना में ट्रैक्टर में दबकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने नाराज ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अपने जिद पर अड़े रहे। जानकारी होते ही सीओ चोब सिंह, तहसीलदार महेंद्र बहादुर , थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर वीरेंद्र कुमार के साथ पहुंचे। तहसीलदार ने सड़क जाम कर रहे लोगों को आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि चालक के पिता विक्रमा यादव ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।




