
गाजीपुर। गाधिपुरम बोरसिया स्थित सत्यदेव ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेस के संस्थापक कर्मवीर सत्यदेव सिंह की 96वीं जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में सत्यदेव ग्रुप आफ कॉलेजेस की संरक्षक सावित्री देवी,मुख्य प्रबंध निदेशक डॉक्टर आनंद सिंह, प्रबंध निदेशक डॉक्टर सानंद सिंह, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, निदेशक अमित रघुवंशी व सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर सत्यदेव सिंह के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अद्भुत कार्य को नमन किया। इस मौके पर सत्यदेव नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में कर्मवीर सत्यदेव सिंह के जयंती पर कवि सम्मेलन किया गया। सत्यदेव ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक प्रोफेसर सानंद सिंह ने कहा कि आज का दिन सत्यदेव कॉलेज परिवार के लिए गर्व की अनुभूति करने वाला अवसर है क्योंकि जो रमणियता इस परिसर में दिख रही है, जो ज्ञान का प्रकाश चारों तरफ आलोकित हो रहा है, जो चमक, जो रोशनी हम अपनी आंखों से देख रहे हैं, मन में महसूस कर रहे हैं वह चमक वह रोशनी, वह विस्तार महामानव कर्मवीर पूज्य पिताजी की आंखों में करीब दो दशक पहले ही उत्तर आई थी । उन्होंने ऐसा वृक्ष लगाए जिनकी टहनियां वैश्विक आकाश में तकनीकी के क्षेत्र में, चिकित्सा के क्षेत्र में, शिक्षा के क्षेत्र में तथा व्यवसाय के क्षेत्र में चारों दिशाओं में विस्तारित हैं। मुख्य प्रबंध निदेशक प्रोफेसर आनंद सिंह तथा प्रबंध निदेशक प्रोफेसर सानंद सिंह ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण,अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कवि विनय राय बबुरंग ने ‘दरोगा बा केहु अकड़त बा केहु घर बा केहू क पैठत बा केहु’ सुना करके सभी श्रोताओं को गदगद कर दिए ।इसी क्रम में यशवंत सिंह यश गोपाल गौरव, अनुज मिश्रा, दिनेश चंद्र शर्मा ,कुमार नागेश की कविताओं को श्रोताओं ने खूब सराहा। साहित्य चेतना समाज के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने गठबंधन पर कविता सुनाकर मंच को जीवंत कर दिया । आशुतोष श्रीवास्तव एवं कुमार प्रवीण की कविताओं ने श्रोताओं को ताली बजाने पर मजबूर कर दिए । संचालन कवि ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने किया। प्रोफेसर हरिकेश सिंह ने कहा कि कर्मवीर सत्यदेव सिंह एक साहित्य प्रेमी, प्रकाश के पुंज, मानवीय गुणों से भरे हुए थे। वह एक साहित्य प्रेमी के साथ-साथ कुशल वक्ता भी थे। इस अवसर पर प्रोफेसर हरिकेश सिंह, सावित्री सिंह, सुमन सिंह, डॉक्टर प्रीति सिंह, ब्लॉक प्रमुख आरडी यादव, हरि नारायण सिंह , ‘ हरीश ‘ अंबुज मिश्र , गोपाल गौरव , अमरनाथ तिवारी, ‘ अमर’, आदि उपस्थित रहे।




